बर्डपुर के गनवरिया सरदारनगर टोले की घटना, शाम छह बजे हुआ हादसा
चार मई को थी बहन की शादी, मुंबई से घर आया था रंजीत
कपिलवस्तु। कोतवाली कपिलवस्तु क्षेत्र के बर्डपुर नंबर एक के टोला गनवरिया सरदारनगर में शनिवार शाम करीब छह बजे 16 वर्षीय रंजीत की करंट लगने से मौत हो गई। बहन की शादी की तैयारियों के बीच हुई इस घटना से पूरे परिवार में खुशी का माहौल मातम में बदल गया।
जानकारी के अनुसार 16 वर्षीय रंजीत यादव पुत्र श्यामसुंदर घर में सफाई के दौरान बिजली के तार के संपर्क में आ गया। बताया जाता है कि वह घर में बिखरे तारों को ठीक करने का प्रयास कर रहा था, तभी अचानक करंट की चपेट में आकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजन आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिवार के लोगों ने बताया कि रंजीत अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए मुंबई से घर आया था। चार मई को उसकी बहन की शादी होनी थी, जिसके लिए घर में तैयारियां चल रही थीं। ग्रामीणों के अनुसार रंजीत स्वभाव से होनहार और मिलनसार था। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई और हर किसी की आंखें नम नजर आईं।