मिश्रौलिया। छठ पूजा की तैयारियों के बीच बुधवार शाम सनौली घाट पर दर्दनाक हादसा हो गया। मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के गौरडीह ग्राम पंचायत के केवटहिया टोले निवासी 16 वर्षीय किशन निषाद की पानी में डूबने से मौत हो गई। वह छठ पूजा के लिए घाट पर जल भरने गया था। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, राजेश निषाद का पुत्र किशन बुधवार शाम सनौली घाट पर जल भरने पहुंचा था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। किशोर की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस घर में छठ पर्व की तैयारियां चल रही थीं, वहां मातम छा गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया। मिश्रौलिया थानाध्यक्ष रामदेव ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। परिजनों की इच्छा के अनुसार पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया।