पथरा। बांसी कोतवाली क्षेत्र के मिठवल में मंगलवार सुबह करंट की चपेट में आने से 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई।बताया जा रहा है कि, बरामदे में सीमेंट की शीट पर लोहे का एंगल लगाया गया है। उसी एंगल में तार लगाकर बल्ब जलाया जाता है। किशोर बरामदे में सफाई करने गया तो उसने पाइप को पकड़ लिया। लोहे के एंगल में करंट आने से उसकी जान चली गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से पथरा थाना क्षेत्र के खदरा गांव निवासी गणेश दत्त शुक्ल वर्तमान में मिठवल में मकान बनवाकर परिवार सहित रहते हैं। मंगलवार सुबह उनका छोटा बेटा राज कुमार शुक्ल (16) घर के बरामदे की साफ-सफाई कर रहा था। बरामदे में लगी सीमेंट की शीट में लोहे के एंगल में तार लगाकर बल्ब जलाया जाता है। नीचे भी लोहे के एंगल पर सीमेंट की शीट टिकी है। सफाई के दौरान किशोर ने पाइप को पकड़ लिया। पाइप को छूते ही किशोर करंट की चपेट में आकर तड़पने लगा।
चीख-पुकार सुनकर घर के अंदर मौजूद परिजन किसी तरह उसे पाइप से अलग किए। गंभीर अवस्था में उसे उपचार के लिए बांसी स्थित संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए उसे माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, लेकिन मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना पर कोतवाली प्रभारी मृत्युंजय पाठक मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।