बांसी। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में नानी के घर आई 16 वर्षीय किशोरी का अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म और हत्या का मामला सामने आया है। बुधवार शाम छह बजे उसका शव भरथना गांव के सरयू नहर में मिला।
मां की तहरीर पर दो नामजद व अज्ञात अन्य पर अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका की मां ने बांसी कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसकी 16 वर्षीय पुत्री को ग्राम-बरौहिया थाना-मोहाना निवासी गोपाल और राजेश पिछले कई दिन से फोन कर परेशान कर रहे थे। आरोपी दबाव बना रहा था कि लड़की की शादी उससे करा दी जाए।
ऐसा न करने पर जान से मारने और किसी दूसरे से शादी न होने देने की धमकी दे रहा था। इतना ही नहीं, आरोपी ने जबरन संबंध बनाने और उसका वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी थी। इस डर से उसने बेटी को बुधवार दोपहर करीब 12 बजे बांसी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में स्थित अपनी मां के घर भेज दिया था।
किशोरी बुधवार दोपहर में बांसी कोतवाली क्षेत्र में स्थित अपने नानी के घर से दोपहर करीब तीन बजे लापता हो गई। परिजनों ने इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी। तीन घंटे बाद उसका शव ननिहाल से 10 किमी दूर बांसी कोतवाली क्षेत्र के भरथना गांव के सरयू नहर में मिला। रात में पुलिस से सूचना मिलने पर जब परिजन बांसी कोतवाली पहुंचे और शव की शिनाख्त कराई तो उसकी मौत की पुष्टि हुई।
मृतका की मां का आरोप है कि आरोपी गोपाल निवासी ग्राम-बरौहिया थाना-मोहाना व शाह बहादुर निवासी रानीगंज थाना कोतवाली बांसी और उनके अन्य साथियों ने मिलकर उनकी बेटी का अपहरण किया, उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और फिर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी है।
इस संबंध में कोतवाल मृत्युंजय पाठक ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।