पेड़ से लटका मिला किशोर का शव
पुलिस को सूचना दिए बगैर कर दी अंत्येष्टि
खेसरहा थानाक्षेत्र के धमौरा का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
घोसियारी। खेसरहा थानाक्षेत्र के धमौरा गांव स्थित बाग में एक किशोर का शव पेड़ की डाल से लटकता मिला। मामले की जानकारी मिलने के बाद परिवारवाले पहुंच गए। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
क्षेत्र के धमौरा गांव निवासी विनय (16) पुत्र विश्वामित्र मंगलवार सुबह सोकर उठा था। परिजनों के मुताबिक नाश्ता करने के बाद घर से निकला था। थोड़ी देर बाद गांव के पश्चिम स्थित बाग में बच्चे क्रिकेट खेलने पहुंचे तो देखा पेड़ की एक डाल से रस्सी के सहारे विनय फंदे पर लटक रहा था। इसके बाद बच्चे शोर करते हुए गांव में पहुंचे और मामले की जानकारी दी। परिजन सहित गांववाले बाग में पहुंचे और विनय को नीचे उतार कर आनन-फानन नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र घोसियारी ले गए। डॉक्टरों ने जवाब दे दिया। इसके बाद उसे रुधौली ले जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत की संभावना व्यक्त कर घर वापस ले आए। विनय के बड़े पिता राकेश ने बताया कि घर के लोगों से कोई विवाद नहीं हुआ था और न ही गांव में किसी से कोई दुश्मनी है। विनय के पिता की मृत्यु दस वर्ष पहले हो गई थी। घर में मां और विनय की बड़ी बहन ही रहती हैं। पुलिस को सूचना दिए बगैर परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इस बाबत चौकी इंचार्ज कुर्थिया राजेश तिवारी ने बताया कि घटना की जानकारी नहीं है।