संवाद न्यूज एजेंसी
लोटन। कोतवाली क्षेत्र के महदेईया के पास दुकान बंद करके शनिवार रात घर लौट रहे एक किशोर को पकड़कर कुछ लोगों ने बेरहमी से पीट दिया। चीख सुनकर ग्रामीण पहुंचे तो हमलावर भाग गए। बेहोशी की हालत में उसे लोटन सीएचसी लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख डॉक्टराें ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पीड़ित के पिता ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र के महदेईया निवासी गांव निवासी अभिमन्यु के अनुसार उसका पुत्र कन्हैया चौरसिया (17) वर्ष लोटन बाजार में चल रही अपनी दुकान बंद करके रात साढ़े नौ बजे घर महदेईया आ रहा था। इस बीच घात लगाए बैठे गांव के ही तीन लोगों ने प्राइमरी स्कूल के सामने लाठी डंडे से हमला कर घायल कर दिया। इसमें कन्हैया को बेहोशी की हालत में डंडे से गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया गया। इस दौरान गांव के कुछ लोगों के शोर करने पर हमलावर भाग गए।
परिजनों को सूचना मिलने के बाद मौके से घायल कन्हैया को सीएचसी लोटन लाया गया। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में कोतवाल राजेश कुमार गुप्ता का कहना है कि तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।