संवाद न्यूज एजेंसी
पथरा। स्थानीय थाना क्षेत्र के पाली गांव में शनिवार की रात युवक ने पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आत्मघाती कदम उठाने के पीछे पत्नी का वियोग बताया जा रहा है। पत्नी मायके चली गई थी और घर नहीं लौटने पर उसने ऐसा कदम उठाया। गांव के लोगों का यह भी कहना है कि हाथ में ब्लेड से चीरा लगाकर पत्नी को वाट्सअप कर दिया था।
क्षेत्र के पाली निवासी विश्राम (20) पुत्र विनोद की शादी बांसी कोतवाली क्षेत्र के मिठवल निवासी रामसुंदर की पुत्री से इसी वर्ष मिठवल स्थित बाबा मटेश्वरनाथ मंदिर में हुई।
बताया जाता है कि पत्नी और पति के बीच कुछ दिनों पूर्व किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसी को लेकर पत्नी मायके चली गई थी। बताया जा रहा है कि बार-बार बुलाने पर पत्नी नहीं आ रही थी। एक बार कुछ संभ्रांत लोगों ने समझाया, लेकिन वह आने को तैयार तो जरूर हुई लेकिन बाद में नहीं आई।
इसी बात को लेकर पति विश्राम शनिवार को घर पर रात्रि में खाना खाकर कमरे में सोने चला गया। रविवार की सुबह लगभग पांच बजे के आसपास परिजनों ने कमरे में देखा कि उनका लड़का पंखे की कुंडे में गमछे का फंदा लगाकर लटका है। इसकी सूचना परिजनों ने पुलिस को दी। ग्रामवासियों की मानें तो विश्राम रात्रि में अपने हाथ को ब्लेड से चीरा लगाकर पत्नी को वाट्सअप कर दिया था। पत्नी के न आने के वियोग में उसने ऐसा कदम उठाया है।
इस संबंध में एसओ पथरा बाजार भाग्यवती पांडेय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में जांच की जा रही है।