बकाया वेतन भुगतान के लिए शिक्षकों ने दिया धरना
सिद्धार्थनगर। पांच माह का बकाया वेतन का भुगतान नहीं होने से नाराज शिक्षकों ने सोमवार को राजकीय शिक्षक संघ के बैनर तले डीआईओएस कार्यालय पर धरना दिया। मांगों के समर्थन में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला विद्यालय निरीक्षक को सौंपा। उन्होंने नारेबाजी की और जल्द मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी भी दी।
जिलाध्यक्ष बालगोविंद मौर्य ने कहा कि राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियनता के तहत संचालित होने वाले राष्ट्रकीय माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, शिक्षक और कर्मचारियों का वेतन नियमित भुगतान नहीं किया जा रहा है, जो गलत है।
उन्होंने कहा कि समय से वेतन का भुगतान न होने से आर्थिक समस्या उत्पन्न हो जाती है। प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आकर यहां पर कई लोग शिक्षण कार्य कर रहे हैं। पांच माह से वेतन न मिलने के कारण मकान का किराया, बिजली का बिल, बच्चों की फीस, बैंक लोन की किस्त सहित कई कार्य प्रभावित हो रहे हैं। शिक्षकों के समक्ष बड़ा संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में जल्द से जल्द पूरे पांच माह का वेतन एक साथ भुगतान किया जाए, जिससे शिक्षकों को राहत मिल सके।
कहा कि अगर जल्द ही वेतन का भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। इस दौरान जिला महामंत्री अर्जुन, रजनी पांडेय, सत्येंद्र शुक्ल, बाबू राम, मानवेंद्र दुबे, मोनू मौर्य मौजूद रहे।