सिद्धार्थनगर। अटेवा पुरानी पेंशन बचाओ मंच के बैनर तले बुधवार को जनपद के सभी विद्यालय पर जिले के शिक्षक, कर्मचारियों ने बांह पर काली पट्टी बांध कर अपने कार्यस्थल पर कार्य करते हुए नई पेंशन योजना का विरोध जताया। जिलाध्यक्ष बृजेश द्विवेदी, जिला संयोजिका कल्पना, जिला महामंत्री संजय कर पाठक, जिला कोषाध्यक्ष श्रीकृष्ण चौधरी के नेतृत्व में काली पट्टी बांधकर काम हुआ।
जिलाध्यक्ष बृजेश द्विवेदी ने बताया कि आज का ही दिन एक अप्रैल 2005 को पुरानी पेंशन व्यवस्था समाप्त कर नई अंशदायी पेंशन व्यवस्था लागू की गई थी, जो पूरी तरह से अन्यायपूर्ण व शोषणकारी व्यवस्था है। यह शिक्षक कर्मचारी इतिहास का वह काला दिन है, जिस दिन बुढ़ापे की लाठी सामाजिक सुरक्षा पुरानी पेंशन उनसे छीन ली गई, इसलिए यह तिथि हम सभी के लिए काला दिवस है। जिला महामंत्री संजय कर पाठक ने बताया कि हम नई पेंशन योजना की खामियों को उजागर करते हुए इसका प्रतीकात्मक विरोध करते हुए अपनी मांग को मीडिया व सोशल मीडिया के माध्यम से जिम्मेदारों तक पहुंचाएंगे।
इसी क्रम में जिला प्रवक्ता आनंद कुमार शुक्ल, संयुक्त मंत्री शेषनाथ गुप्ता, ब्लाॅक अध्यक्ष भनवापुर हिमांशु यादव, ब्लाॅक अध्यक्ष मिठवल मनीष कुमार दुबे, अंजना शर्मा,अभिलाष मिश्रा आदि के नेतृत्व सहित सभी ब्लॉकों में सैकड़ों की संख्या में शिक्षक-कर्मचारियों ने नई पेंशन योजना के प्रति विरोध जताया।