डीएम राजागणपति आर ने विद्यालयों का किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय सेहरी खास व प्राथमिक विद्यालय शेखडीह का निरीक्षण किया। इसमें प्राथमिक विद्यालय शेखडीह में बच्चो के पास ड्रेस, जूता मोजा उपलब्ध नहीं था। इसके साथ ही स्पोर्ट्स का सामान भी नहीं था। विद्यालय कंपोजिट ग्रांट की श्रेणी में आता है। यहां प्रधानाध्यापक फैयाज हुसैन से कंपोजिट ग्रांट का 25 हजार रुपये का बिल मांगने पर नहीं दिखाया गया। जिस पर उन्होंने इसे अनियमितता की श्रेणी में बताया और बीएसए को वहीं से फोन लगाया।
फोन पर डीएम ने बीएसए से पूरा प्रकरण बताते हुए कहा कि प्रधानाध्यापक को तत्काल संस्पेड करना है, इनका सस्पेंशन आर्डर बनाके दिखाओ, हमसे अनुमोदन लेना। डीएम का प्रधानाध्यापक और बीएसए से मोबाइल पर बातचीत सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस विद्यालय तक आने का रास्ता नही था जिसे ठीक कराने के लिए अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत बढ़नी चाफा को निर्देश दिया। डीएम के निरीक्षण में पूर्व माध्यमिक विद्यालय सेहरी खास में 61 बच्चों के सापेक्ष 29 उपस्थित थे।
छात्रों द्वारा ड्रेस, जूता मोजा नही पहने थे। विद्यालय में दो अध्यापक के सापेक्ष एक उपस्थित थे तथा एक छुट्टी पर थे। स्पोर्ट्स के सामान का जो पैसा मिलता है उससे स्पोर्ट्स के सामान के क्रय के बारे में अध्यापक द्वारा कोई जानकारी नही दी गयी तथा बिल भी प्रस्तुत नहीं कर पाई जिस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया। मिड-डे मील रजिस्टर को भी देखा गया। जिलाधिकारी ने स्कूल की साफ-सफाई व्यवस्था ठीक कराने का निर्देश दिया।