तुलसियापुर। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के करुआ गांव में सोमवार को विवाहिता की संदिग्ध हालात में जलकर हुई मौत के मामले में पुलिस ने पति राजेश, ससुर राजेंद्र, देवर की पत्नी सरोज के खिलाफ दहेज हत्या के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
वहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट की बात करें तो जलने में डीजल के उपयोग की आशंका है। फिलहाल पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने के बाद मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, चिल्हिया थाना क्षेत्र के दुबौलिया की रहने वाली कपूरा ने ढेबरुआ थाने में सोमवार को तहरीर दी। आरोप लगाया कि उसकी बेटी मंजू (22) पत्नी राजेश की संदिग्ध हालात में जलने से मौत हो गई। आरोप है कि क्षेत्र के करुआ गांव निवासी उसके पति राजेश, ससुर राजेंद्र, देवर की पत्नी सरोज आदि ने जलाकर मार डाला। पुलिस ने तहरीर में नामजद आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या आदि की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मृतका की मां ने आरोपियों के गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, पोस्टमार्टम की बात करें तो जलने में डीजल के उपयोग की आशंका है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
इस संबंध में ढेबरुआ एसएचओ दुर्गा प्रसाद ने बताया कि विवाहिता की मौत के मामले में मृतका की मां की तहरीर पर पति, ससुर और देवरानी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।