सिद्धार्थनगर। जिले से आश्वासन के छह माह बाद भी चौरीचौरा व सुशासन एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन शुरू नहीं हो पाया है। इससे यात्रियों को गोरखपुर और लखनऊ जाना पड़ रहा है। भीमापार अंडरपास का उद्घाटन करने आए रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने सिद्धार्थनगर से सुशासन व बढ़नी से चौरीचौरा के संचालन का आश्वासन दिया था।
ट्रेन का संचालन नहीं होने से प्रयागराज व ग्वालियर तक जाने के लिए यात्रियों को गाेरखपुर व लखनऊ से ट्रेन पकड़नी पड़ रही है। बीते वर्ष में आठ दिसंबर को रेल राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने बहुप्रतीक्षित भीमापार रेलवे अंडरपास का शिलान्यास किया। उस समय सांसद जगदंबिका पाल ने जिले के लोगों के कहने पर कई ट्रेनों को जिले से संचालित करने की मांग की। रेल राज्य मंत्री ने सभी ट्रेनों को संचालित करने का आश्वासन दिया।
सांसद जगदंबिका पाल के माध्यम से चौरीचौरा एक्सप्रेस को बढ़नी और ग्वालियर जाने वाली सुशासन एक्सप्रेस को सिद्धार्थनगर स्टेशन से चलाए जाने के साथ गोरखपुर-लखनऊ इंटरसिटी का ठहराव उसका बाजार स्टेशन पर भी किए जाने की भी मांग की थी।