रोडवेज सिद्धार्थ नगर पर बस का इंतजार करते यात्री
सिद्धार्थनगर। लोटन क्षेत्र के ठोठरी से जिला मुख्यालय के लिए सरकारी बस का संचालन नहीं हो रहा है। इससे क्षेत्र के यात्रियों को कई गुना अधिक किराया देना पड़ता है। जबकि दो से तीन जगहों पर वाहनों को भी बदलना पड़ता है। कई बार सर्वे होने के बाद भी बस का संचालन नहीं होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। ठोठरी बाॅर्डर सहित लोटन से प्रतिदिन लगभग दो हजार लोगों का मेडिकल कॉलेज, कोर्ट, विद्यालय सहित अन्य कार्यों के लिए आना-जाना लगा रहता है। लेकिन रोडवेज बस का संचालन न होने से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ जाती हैं। जबकि ठोठरी से आने वाले यात्रियों को मेडिकल कॉलेज जाने के लिए तीन जगहों पर आटो बदलना पड़ता है।
इससे इन्हें लगभग तीन गुना किराया देना पड़ता है। ठोठरी से जिला मुख्यालय की दूरी लगभग 28 किमी ही हैं। लेकिन ऑटो चालक इस दूरी को तय करवाने के लिए 100 रुपया किराया लेते हैं। जबकि समय से वाहनों का संचालन न होने से समय भी अधिक लगता है।
लोटन क्षेत्र के अजय सिंह, सूरज, पवन, राकेश, दिनेश ने बताया कि कोरोना काल से पहले रोडवेज बस का संचालन होता था। लेकिन कोरोना काल में संचालन बंद होने के बाद शुरू नहीं किया गया। इससे यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई है। जबकि प्राइवेट चालक दिन-प्रतिदिन किराया भी बढ़ा रहे हैं।