टोटी से हो रही दूषित जल की आपूर्ति
- फोटो : अमर उजाला
शोहरतगढ़ ( सिद्धार्थनगर)। नगर पंचायत शोहरतगढ़ में पिछले तीन दिनों से वाटर सप्लाई से दूषित पानी आ रहा है। भीषण गर्मी के मौसम में पानी की समस्या गहराने से हजारों लोग परेशान हैं। आलम यह है कि सूचना के बाद भी विभाग के जिम्मेदार अधिकारी व कर्मचारी मूकदर्शक बने हुए हैं।
क्षेत्र के विकास त्रिपाठी का कहना है कि वाटर सप्लाई से दूषित पानी आने के कारण हम लोगों को आजकल रोजमर्रा के प्रयोग में लगने वाले पानी की जरूरत को पूरा करने में कड़ी मेहनत करनी पड़ रही है। भीषण गर्मी में जल संकट की समस्या उत्पन्न होने से हम लोग परेशान हैं।पिंटू वर्मा का कहना है कि जल निगम की लापरवाही से नगरवासी परेशान हो गए हैं। मौजूद समय में स्थिति और भयावह हो गई है। रोजमर्रा की जरूरत को पूरा करने के लिए पानी को खरीदना पड़ रहा है। या तो नल से पानी की जरूरत पूरी की जा रही है। दीपक कौशल का कहना है कि भीषण गर्मी के मौसम में बोरिंग की टोटी से पिछले तीन दिनों से दूषित पानी आने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। जलनिगम विभाग की लापरवाही का नतीजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। इस समस्या से सभी लोग परेशान हैं। शुभम वर्मा का कहना है कि दस हजार की आबादी वाले नगर पंचायत शोहरतगढ़ में जलनिगम विभाग के जिम्मेदारों की उदासीनता से आम जनमानस भीषण गर्मी में पानी की समस्या से दो चार हो रहा है। आलम यह कि शिकायत के बाद भी स्थिति में कोई सुधार नहीं होने से लोगों की समस्या और जटिल हो गई है।उधर जल निगम के अवर अभियंता श्रीचंद्र का कहना है कि यह समस्या पहली बार उत्पन्न हुई है। कार्य किया जा रहा है। सप्लाई पाइप लाइन में लिकेज के कारण यह दिक्कत आई है। इसमें थोड़ा समय लगेगा। समाधान हो जाएगा।