संवाद न्यूज एजेंसी
खेसरहा। विकास क्षेत्र स्थित सुपौली से सकरा गांव तक जाने वाली सड़क वर्षों से बदहाल है। गिट्टियां उखड़ गई हैं। दो किमी लंबा संपर्क मार्ग तकरीबन दो दशक पहले बनाया गया था।
उसके बाद किसी ने इसकी सुध नहीं ली। यह सड़क सुपौली चौराहे से मदरहना गांव होते हुए बेलौहा घोसियारी मार्ग में मिल जाती है।
इसके अलावा ककरहिया, सकरा गांव से होते हुए उक्त सड़क संतकबीरनगर को जोड़ती है। क्षेत्र वासियों के लिए यह सड़क बहुत खास है, और क्षेत्रीय लोगों को प्रमुख स्थानों से जोड़ती है।
सिहोरवा गांव के प्रधान राजेश राय ने बताया कि मरम्मत कार्य काफी समय से नहीं हुआ है, सड़क पर गड्ढे हो गए हैं, और लोगों का चलना दूभर हो रहा है। जगदीश ने बताया कि सुपौली से सकरा गांव तक दो किमी सड़क बहुत खराब हो गई है।
प्रतिदिन आने जाने वाले राहगीर सड़क पर गिरकर चोटिल हो जाते हैं, लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा है। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के जेई मोहन लाल ने बताया कि निरीक्षण कराकर शीघ्र ही मरम्मत कार्य किया जाएगा।क