सिद्धार्थनगर। जिला स्टेडियम में आयोजित गौतम बुद्ध अंडर-13 टैलेंट सर्च क्रिकेट प्रतियोगिता के दोनों सेमीफाइनल मुकाबले बुधवार को खेले गए। सिल्वर स्पून सनराइजर्स और अभिषेक आभूषण सुपर किंग्स ने अपने-अपने मैच जीतकर फाइनल में जगह बना ली।
पहले सेमीफाइनल में गंगा टाइटंस और सिल्वर स्पून सनराइजर्स आमने-सामने थे। टॉस जीतकर गंगा टाइटंस ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। बल्लेबाजी करते हुए सिल्वर स्पून सनराइजर्स ने 25 ओवर में छह विकेट पर 232 रन बनाए।
सलामी बल्लेबाज अक्षत सिंह ने 78 रन, आयुष चौरसिया ने नाबाद 46 रन और अंकुश ने 26 रन की पारी खेली। गंगा टाइटंस की ओर से सिद्धि श्रीवास्तव ने चार विकेट झटके, जबकि शिवम राजभर और आर्य शुक्ला को एक-एक सफलता मिली।
233 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गंगा टाइटंस की टीम 17.3 ओवर में 121 रन पर सिमट गई। रवि यादव ने 47 रन, अभय चौरसिया ने 16 रन और आयुष्मान यादव ने नाबाद 15 रन बनाए। सनराइजर्स की ओर से वेदांत मिश्रा ने शानदार गेंदबाजी की, जबकि प्रिंस, अश्मित, अक्षत और रीसब ने एक-एक विकेट हासिल किया। अक्षत सिंह को मैन ऑफ द मैच, वेदांत मिश्रा को गेम चेंजर ऑफ द मैच और सिद्धि श्रीवास्तव को फाइटर ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे सेमीफाइनल में अभिषेक आभूषण सुपर किंग्स ने जिंदल सुपर जाइंट्स को सात विकेट से हराकर फाइनल का टिकट कटाया। टॉस जीतकर जिंदल सुपर जाइंट्स ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन पूरी टीम 22.5 ओवर में 82 रन पर ऑलआउट हो गई। चक्रवीर ने 16 रन, मयंक त्रिपाठी ने 15 रन और अश्वनी ने सात रन बनाए। सुपर किंग्स की ओर से विराट, आदिल और अंश साहनी ने दो-दो विकेट लिए, जबकि प्रतीक को एक विकेट मिला।
83 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अभिषेक आभूषण सुपर किंग्स ने 14.4 ओवर में तीन विकेट खोकर मैच अपने नाम कर लिया। विराट ने 20 रन, शेष कुमार ने 18 रन और अर्नव श्रीवास्तव ने नाबाद 25 रन बनाए। जिंदल सुपर जाइंट्स की ओर से विनायक ने दो और वर्षित ने एक विकेट लिया। विराट को मैन ऑफ द मैच, अंश को गेम चेंजर ऑफ द मैच और विनायक मिश्र को फाइटर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
प्रतियोगिता के दौरान मुख्य अतिथि वरिष्ठ फार्मासिस्ट डॉ. गोविंद ओझा रहे। इस अवसर पर सिद्धार्थनगर क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव विपिन त्रिपाठी, विवेक त्रिपाठी, हरिश्चंद्र, चंद्र प्रकाश सिंह, राघवेंद्र सिंह और मनीष यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।