खुनियांव क्षेत्र के रामजानकी इंटर काॅलेज में छाया सन्नाटा।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
इटवा। अध्यापक की बदसलूकी से क्षुब्ध छात्रों और अभिभावकों ने मंगलवार को श्रीरामजानकी इंटर कॉलेज गिरधरपुर के गेट पर ताला जड़ दिया। करीब दो घंटे तक तालाबंदी कर छात्रों-अभिभावकों ने प्रदर्शन किया। प्रधानाचार्य व अन्य ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। प्रधानाचार्य ने जांच कराकर समुचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
प्रदर्शनकारियों के विद्यालय का छात्र आकाश मिश्रा 11वीं में रजिस्ट्रेशन फार्म भरवाने के लिए स्कूल पहुंचा था। इस दौरान वहां तैनात प्रधानाचार्य धर्मराज चौधरी के पुत्र प्रकाश ने देर से आने का हवाला देकर छात्र को गाली-गलौज देते हुए भगा दिया।
छात्र ने घर जाकर इसकी सूचना परिवार के लोगों को दी। इसके बाद गुस्साए अभिभावक ग्रामीणों के साथ स्कूल पहुंचे और मुख्य गेट पर ताला लगा दिया। दोपहर करीब पौने 1 बजे तालाबंदी कर प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। मध्यावकाश में विद्यालय से बाहर आए छात्र भी समर्थन में आकर नारेबाजी करने लगे।
छात्र राजकुमार, सचिन जायसवाल आदि ने बताया कि स्कूल में तैनात अध्यापक अंक पत्र, प्रवेश पत्र के नाम पर वसूली करता है। इसकी शिकायत पहले भी प्रधानाचार्य से की जा चुकी है। प्रदर्शन की जानकारी के बाद गांव के लोग भी मौके पर पहुंचे।
प्रधानाचार्य व प्रबुद्ध लोगों ने मामले को संज्ञान में लेते हुए कार्रवाई का आश्वासन देकर वापस लौटा दिया। दोपहर करीब ढाई बजे विद्यालय का ताला खुल पाया। इस संबंध में प्रधानाचार्य धर्मराज चौधरी ने कहा कि गाली-गलौज और वसूली की शिकायत गलत है। शिक्षक प्रकाश ने छात्र से एक दिन विलंब से आने का कारण पूछा था, यही अभिभावकों को नागवार लगा। मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को भी दे दी गई है।