कार खरीदने के लिए रची लूट की कहानी
आरोपी ने चचेरे मामा के यहां छिपाया था 3.92 लाख, पुलिस ने किया बरामद
तफ्तीश में जुटी पुलिस ने 12 घंटे में किया लूट की घटना का पर्दाफाश, आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। कार खरीदने के लिए धन नहीं होने पर युवक ने अपने साथ लूट की साजिश रच डाली। दुकानदारों से भुगतान की धनराशि लेकर लौट रहे युवक की नीयत खराब हो गई और उसने पुलिस को फोन कर उसके साथ लूट की सूचना दी। तफ्तीश में जुटी पुलिस ने 12 घंटों के भीतर लूट की घटना का पर्दाफाश कर दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
इटवा के मनिकौरा गांव निवासी मधुर श्याम शर्मा एक दुकान में मुनीम का काम करता है। बुधवार को वह दुकानदारों से भुगतान राशि वसूलने निकला था। बाजार से 3.92 लाख रुपये वसूल कर मालिक की दुकान लौट रहा था। उसने 112 नंबर पर फोन कर उसके साथ लूट होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही बांसी पुलिस इटवा बांसी मार्ग पर मधुर श्याम के बताए हुए स्थान पर पहुंची। मधुर श्याम ने बताया कि बाइक सवार बदमाश रुपयों से भरा बैग छीनने के बाद उसका मोबाइल उसे सौंप कर इटवा की ओर भाग गए। पुलिस को उसकी बात पर शक हुआ। बावजूद इसके बाइक सवार बदमाशों की तलाश की गई। मधुर श्याम के बताए बाइक सवारों की हुलिया के बारे में आस पास मौजूद लोगों से भी पूछा लेकिन किसी ने भी पुष्टि नहीं की। इस पर बृहस्पतिवार को मधुर श्याम शर्मा से पूछताछ शुरू की गई। उसने बताया कि वह कार खरीदना चाहता था लेकिन धन नहीं था। बुधवार को उसने बाजार से 3.92 लाख रुपये वसूल किए। कार खरीदने के लिए यह रुपये हड़पने की साजिश रची थी। इसके तहत उसने रुपये छिपा कर लूट की फर्जी सूचना पुलिस को दी थी। यह रुपये उसने तिवारीपुर निवासी चचेरे मामा के यहां छिपा दी थी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर छिपाए गए रुपये भी बरामद कर लिए। उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ चोरी, धोखाधड़ी आदि धाराओं में केस दर्ज किया गया है।