सिद्धार्थनगर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को पुलिस लाइंस स्थित सभागार में एसएसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने समीक्षा बैठक कर चुनावी तैयारियों की जानकारी ली।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अराजक तत्वों को चिह्नित कर उनके खिलाफ प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एसएसपी ने लाइसेंसी शस्त्र जमा कराने की प्रक्रिया में तेजी लाने और चुनाव में इस्तेमाल होने वाले वाहनों के अधिग्रहण से संबंधित नोटिस की तामिला समय से कराने को कहा। इसके अलावा मतगणना स्थलों का भौतिक सत्यापन कराने और बाहर से आने वाले पुलिस बल के ठहरने के स्थानों पर जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि चुनाव की तैयारियों में सामने आने वाली कमियों को समय रहते दूर किया जाए, ताकि निर्वाचन के दौरान किसी तरह की समस्या न हो। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें और तैयारियों की नियमित समीक्षा करते रहें।
बैठक में एएसपी प्रशांत कुमार प्रसाद, सभी क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक और थानाध्यक्ष, चुनाव सेल प्रभारी तथा वाचक पुलिस अधीक्षक समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।