सिद्धार्थनगर। मोहाना थाना क्षेत्र के निरंजपुर में ईंट भट्ठे पर पीटकर हुई वृद्ध की हत्या के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। कातिल कोई और नहीं बल्कि मृतक के बेटे और बहू ही निकले। जमीन बेचकर शराब पीने और मना करने पर विवाद करने से आहत होकर दंपती ने ईंट और डंडे से पीटकर वद्ध की हत्या कर दी।
पुलिस उनकी निशानदेही पर ईंट और डंडा बरामद कर लिया। पूछताछ करने के बाद दोनों को न्यायालय रवाना कर दिया गया। पुलिस लाइंस में आयोजित प्रेसवार्ता में एएसपी विश्वजीत शौर्य ने यह जानकारी दी।
एएसपी ने बताया कि मोहाना थाना क्षेत्र के बर्डपुर नंबर-चार टोला निरंजपुर में ईंट भट्ठे पर हुई वृद्ध की हत्या के मामले में केस दर्ज किया गया था। मामले का पर्दाफाश करने के लिए टीम लगी थी। जांच में सुराग मिला कि हत्या के पीछे जमीन कारण है। यह परिवार की ओर से ही किया जा सकता है। इसके बाद एसओ मोहाना रोहित कुमार उपाध्याय और एसओजी प्रभारी जीवन त्रिपाठी को जानकारी मिली कि मृतक के बहू और बेटे कहीं भागने वाले हैं। वह हत्या के संदिग्ध हैं।
सूचना को संज्ञान में लेते हुए टीम गांव पहुंची और दोनों को पकड़ लिया। बेटे का नाम योगेन्द्र व बहू का नाम किसलावती है।