- डुमरियागंज-बांसी मार्ग पर पथरा कस्बे 15 दिन पहले शुरू हुआ कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
पथरा। बांसी-डुमरियागंज मार्ग पर पथरा कस्बे में निर्माणाधीन नाले के निर्माण से बार-बार जाम लगने से वाहन चालक परेशान हैं। नाला निर्माण के लिए खोदी गई मिट्टी सड़क पर छोड़ देने से जाम की स्थिति बनी रहती है। जिसके चलते लंबा जाम लगता है।
पथरा कस्बे में जिला पंचायत से 500 मीटर लंबे नाला निर्माण का कार्य लगभग 15 दिन पहले शुरू हुआ। नाला निर्माण के लिए जेसीबी मशीन से खोदी गई मिट्टी को सड़क पर छोड़ दिया गया है। बांसी डुमरियागंज का मुख्य मार्ग है, जिस पर हजारों की संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन लगा रहता है। सड़क पर मिट्टी और नाला निर्माण में लगने वाला सामग्री को सड़क पर छोड़ दिया गया है। जिससे आमने-सामने से दो वाहनों के गुजरने से परेशानी होती है।
बृहस्पतिवार को पथरा कस्बे में लगने वाले साप्ताहिक बाजार के कारण दिन में कई बार जाम लग गया। जिससे कई वाहन आधे घंटे से ज्यादा जाम में फंसे रहे। कस्बे के रवि अग्रहरि, दुर्गेश, राजेश मोदनवाल, कुलदीप, गोविंद ने बताया कि नाला निर्माण के लिए एक बार लंबी दूरी की मिट्टी खोदाई कर दी जा रही है, जिसका निर्माण करने में कई दिन लग जा रहा।
इस संबंध में थाना प्रभारी भाग्यवती पांडेय ने बताया कि नाला निर्माण से जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। जिसके लिए पुलिस को लगाया गया है।