भनवापुर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के महतिनिया खुर्द गांव में बुधवार को रास्ते के निर्माण को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों के बीच-बचाव के बाद मामला शांत हुआ। इसमें आधा दर्जन लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों की तहरीर पर प्रधान सहित 20 लोगों के खिलाफ मारपीट, बलवा व अन्य धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
क्षेत्र के महतिनिया के ग्राम प्रधान जगदीश शुक्ल घर के सामने से रास्त बनवा रहे थे। जिस पर गांव के ही समसुद्दीन ने डुमारियागंज न्यायालय में स्टे होने की बात कहकर रोकने लगा। जबकि, ग्राम प्रधान ने जमीन को बैनामा करवाने की बात कहकर मिट्टी डालने लगे। जिस पर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें छह लोग लोग घायल हो गए। इसी बीच किसी ने घटना की जानकारी 100 नंबर पर दे दी। सूचना पर पीआरवी 1521 और एसओ त्रिलोकपुर देवेंद्र कुमार मिश्र मय फोर्स मौके पर पहुंच गए। समझा-बुझाकर मामले को शांत करवाया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। इसके बाद विवादित भूमि की पैमाइश कराने के लिए दोनों पक्षों से कहा था। इसके बाद गुरुवार को नायब तहसीलदार डुमरियागंज लालता प्रसाद पांच लेखपालों की टीम लेकर गांव पहुंचे और भूमि की पैमाइश की। रिपोर्ट आने के बाद आगे की करवाई होने की बात कही।
पैमाइश टीम पहुंचने से पहले ही प्रधान पक्ष के लोग रास्ते को मिट्टी से पाट चुके थे। इस संबंध में एसओ देंवेद्र कुमार मिश्र ने कहा कि प्रधान पक्ष से तहरीर जगराम पुत्र नंदू ने दी है। जिस पर 10 लोगों के खिलाफ मारपीट सहित एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। दूसरे पक्ष के समसुद्दीन की तहरीर प्रधान सहित 10 लोगों के खिलाफ बलवा व अन्य धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। भूमि की पैमाइश हो गई है, एसडीएम की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। हालत सामान्य है।