नेपाल के नवलपरासी में दुर्घटना स्थल पर पलटी बस को उठाती क्रेन। स्रोत साेशल मीडिया
खुनुवां/बढ़नी। नेपालगंज से काठमांडो जा रही यात्रियों से भरी बस शनिवार को नेपाल के नवलपरासी (बर्दघाट सुस्ता पूर्व) जिले में हादसे का शिकार हो गई। विनयी त्रिवेणी गांवपालिका-2 स्थित एस मोड़ के पास बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले में पलट गई। हादसे में छह यात्रियों की मौत हो गई जबकि 10 लोग घायल हुए हैं। बस में चालक समेत 18 लोग सवार थे। दो यात्री सुरक्षित बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार बस संख्या प्रदेश-3-01-006 ख 1553 नेपालगंज से काठमांडो जा रही थी। पूर्व-पश्चिम राजमार्ग पर एस मोड़ के पास पहुंचते ही चालक का बस पर नियंत्रण नहीं रहा। इसके बाद बस सड़क किनारे नाले में पलट गई। हादसे में जाजरकोट के भेरीगंगा नगरपालिका-3 निवासी 50 वर्षीय निर्जुंग खत्री की पहचान हुई है। पांच अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
हादसे में 10 लोग घायल हुए हैं। घायलों में गोरखा के हरिशरण थापा, अछाम के तेजेंद्र प्रसाद भंडारी, बर्दिया की आकृति, बाजुरा के पवन बुढा और प्रेम बम, बर्दिया के संजय थारू और लालबहादुर कार्की, ललितपुर के अनोज खत्री, बांके के अस्लाम भगवान और सल्यान के अनिल बुढाथोकी शामिल हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक थमनसिंह राना के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए मध्यबिंदु प्रादेशिक अस्पताल, डंडा भेजा। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।ह