सिद्धार्थनगर। शहर के कांशीराम आवास में पानी की मोटर खराब होने से छह दिन से पानी की समस्या से जूझ रहे मोहल्ले के लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। बुधवार को मरम्मत कर किसी तरह मोटर चालू की गई तो लोगों के घरों में गंदा पानी आने लगा। इसके बाद बृहस्पतिवार को फिर पानी सप्लाई बंद करनी पड़ी और मोटर पंप की मरम्मत का काम कराया जा रहा है।
मोटर खराब होने से कांशीराम, ऑफिसर्स कॉलोनी, बाल्मिकीनगर व शास्त्रीनगर के पांच हजार घरों में बीते छह दिन से जलापूर्ति ठप है। वहीं, गांधीनगर स्थित मुख्य जलापूर्ति बोरवेल का पिलर बारिश में दलदल हुई मिट्टी के कारण जमीन में धंस गया है, जिससे शहर के कई मोहल्ले में पानी का संकट गहरा गया है। इससे उत्पन्न हुए जल संकट से भीषण गर्मी में लोगों को पानी की किल्लत से जूझना पड़ रहा है।
कांशीराम आवास में स्थित वाटरहेड टैंक से शहर के पांच मोहल्ले की लगभग 20 हजार आबादी को में जलापूर्ति मिलती है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बीते छह दिन से मोहल्ले में वाटर सप्लाई की टोंटी से पानी नहीं मिल पा रहा है। इससे लोगों को निजी नल के दूषित पानी का उपयोग करना पड़ रहा है। बुधवार को टोंटी खोलने पर गंदा पानी आने लगा, जिसके कुछ देर बाद फिर पानी आपूर्ति बंद हो गई। समस्या से वाटर सप्लाई के पानी पर निर्भर लोगों को शुद्ध पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा।