भारतभारी। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के महतिनिया और गरदहिया गांव में बुधवार को भारतभारी नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी राजन कुमार गुप्ता ने एसआईआर के तहत मतदाताओं को जारी नोटिसों के संबंध में जनसुनवाई की। इस दौरान वह संबंधित बूथों पर पहुंचे और लोगों की समस्याएं सुनकर निस्तारण का आश्वासन दिया।
अधिशाषी अधिकारी ने बताया कि जिन मतदाताओं को नोटिस प्राप्त हुई है, वे अपनी पहचान के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासपोर्ट, परिवार रजिस्टर की नकल, बैंक पासबुक आदि दस्तावेज प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं के माता-पिता का नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची में दर्ज है, उन्हें एक दस्तावेज देना होगा। जिनके माता-पिता का नाम सूची में दर्ज नहीं है, उन्हें दो दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। यदि एसआईआर नोटिस प्राप्त होती है तो उसका जवाब निर्धारित समय के भीतर देना अनिवार्य है।
बताया गया कि यदि नोटिस में उल्लेख हो तो स्वयं, पिता और माता के लिए अलग-अलग स्व-सत्यापित दस्तावेज जमा करने होंगे। अधिशाषी अधिकारी ने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम जांच लें और आवश्यक कार्रवाई समय रहते पूरी करें।