सिद्धार्थनगर। बांसी कोतवाली क्षेत्र के बांसी पॉवर हाउस के बाद देर रात दो बाइकों में टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार बम बहादुर (60) व आकाश उर्फ काजू (24) की मौत हो गई। जबकि, दूसरी बाइक पर सवार अवधेश कुमार त्रिपाठी घायल हो गया। उसका माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, बांसी कोतवाली क्षेत्र के तारा गुजरौलिया गांव निवासी 60 वर्षीय बम बहादुर व 24 वर्षीय आकाश उर्फ काजू बांसी- बस्ती मार्ग स्थित बाजारडीह गांव में बरात गए थे। बताया जा रहा है कि रात्रि में दोनों वापस लौट रहे थे तभी बांसी पाॅवर हाउस के पास सामने से आ रहे अवधेश कुमार त्रिपाठी की बाइक से उनकी टक्कर हो गई। घटना में बम बहादुर की मौके पर मृत्यु हो गई। वहीं, दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को निजी साधन से बांसी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लेकर गए, जहां आकाश को भी चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। दूसरे घायल अवधेश की स्थिति गंभीर देख चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया। जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
इस संबंध में कोतवाल मृत्युंजय पाठक में बताया कि दोनों के शव को पोस्टमार्टम में भेज दिया गया है। मामले की जांच करके आगे की कार्रवाई की जाएगी।