- बांसी कोतवाली क्षेत्र के बांसी-इटवा मार्ग पर स्थित रतनसेन इंटर कॉलेज के पास हुआ हादसा
बांसी। बांसी कोतवाली क्षेत्र के बांसी-इटवा मार्ग पर स्थित रतनसेन इंटर कॉलेज के पास सोमवार को दो बाइक की टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक युवक जख्मी हो गया। घायल को माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक बांसी कोतवाली क्षेत्र हरिद्धार गांव निवासी विशाल उर्फ रिंकू (28 वर्ष) पुत्र गंगाराम किसी काम से सुबह मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के चेतिया में गया था, जहां से वह वापस लौट रहा था। अभी कोतवाली क्षेत्र के बांसी-इटवा मार्ग पर स्थिति रतनसेन इंटर कॉलेज के पास पहुंचा था कि इटवा की ओर जा रही बाइक से आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में विशाल उर्फ रिंकू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार हिमांशु मिश्र निवासी मल्हवार बुजुर्ग थाना त्रिलोकपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को पचास शैय्यायुक्त संयुक्त अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर भेज दिया गया। पुलिस ने लाश का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिंकू की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। इस संबंध में कोतवाल बांसी मृत्युंजय पाठक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।