- मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत पुरैना गांव में आयोजित हुआ कार्यक्रम
- महिला सुरक्षा हेल्पलाइन और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी
डुमरियागंज। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत रविवार को भवानीगंज थाना क्षेत्र के पुरैना गांव में बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया। साथ ही सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और महिला सुरक्षा से जुड़ी हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, रानी लक्ष्मीबाई बाल एवं महिला सम्मान कोष, नारी शक्ति वंदन अधिनियम, निराश्रित महिला पेंशन योजना और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के बारे में बताया गया। पुलिस टीम ने महिलाओं को इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इसके अलावा महिला सशक्तिकरण, एंटी रोमियो अभियान और साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी गई।
पुलिस टीम ने आपात स्थिति में सहायता के लिए 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1090 वीमेन पावर हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1930 साइबर अपराध हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन और 181 महिला हेल्पलाइन के बारे में बताया। इसके अलावा एंबुलेंस सेवा 108 व 102 और अग्निशमन सेवा 101 की जानकारी भी दी गई।
इस दौरान मिशन शक्ति टीम के कांस्टेबल अजय यादव, रोशन राय, राघवेंद्र त्रिपाठी और महिला आरक्षी उर्मिला मौजूद रहीं।