- गुड टच-बैड टच, महिला अपराध और साइबर ठगी से बचाव की दी जानकारी
- सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताकर बांटे पर्चे
सिद्धार्थनगर। महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए सोमवार को जिले के तीन थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति अभियान चलाया गया। मिश्रौलिया, त्रिलोकपुर और जोगिया उदयपुर पुलिस ने गांवों और थानों में कार्यक्रम आयोजित कर महिला अधिकारों, साइबर अपराध और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी।
इस दौरान गुड टच-बैड टच की पहचान, महिला अपराधों से बचाव और सरकारी योजनाओं के बारे में बताया गया। साथ ही हेल्पलाइन नंबरों के पर्चे वितरित कर जरूरत पड़ने पर पुलिस की मदद लेने के लिए प्रेरित किया गया। मिशन शक्ति फेज-6 के द्वितीय चरण के तहत मिश्रौलिया पुलिस ने ग्राम बारीकपार में कार्यक्रम आयोजित किया। बालिकाओं, महिलाओं और बच्चों को अच्छे-बुरे स्पर्श की पहचान और अपराधों से बचाव के तरीके बताए।
त्रिलोकपुर थाने के मिशन शक्ति केंद्र पर पंपलेट वितरित कर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। वहीं, जोगिया उदयपुर पुलिस ने ग्राम कटया में चौपाल लगाकर महिला सशक्तीकरण पर जोर दिया। बहू-बेटी सम्मेलन और जनचौपाल के माध्यम से महिलाओं को जागरूक किया गया।
कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष की जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने 112, 1090, 1076, 1930, 1098 और 181 हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग के बारे में भी बताया।