धेंसा। चिल्हिया थाना क्षेत्र के बस्ठा गांव के पास एनएच-730 पर बृहस्पतिवार को तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई। सड़क किनारे खड़ी 40 वर्षीय महिला गीता देवी (40) को टक्कर मारकर करीब 100 मीटर तक घसीटती रही, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई जबकि सत्यम चौबे गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, बस्ठा गांव निवासी 40 वर्षीय गीता देवी पत्नी अखिलेश गुप्ता घर के समीप एनएच-730 से कुछ दूरी पर खड़ी थीं। इसी दौरान शोहरतगढ़ की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी और करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। गंभीर रूप से घायल गीता देवी को मौके पर मौजूद लोगों ने मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका के पति अखिलेश गुप्ता ने बताया कि गीता देवी दोपहर में बकरी चराने के लिए बाहर गई थीं और वापस लौटते समय सड़क से दूर खड़ी थीं, तभी हादसे का का शिकार हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका के दो पुत्र हैं। घटना के बाद कार चालक मौके से भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन धेंसा नानकार के पास विकास भवन की ओर जाने वाली सड़क किनारे एक पेड़ से कार टकरा गई। टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, चालक सुरक्षित है और उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई है। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी मशीन की मदद से चालक को बाहर निकाला।
हादसे के कुछ ही दूरी पर गांव की ओर जाने वाली सड़क पर खड़े सत्यम चौबे पुत्र अवधेश चौबे को भी उसी कार ने अपनी चपेट में ले लिया। सत्यम चौबे के पैर में फ्रैक्चर हो गया जबकि सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें जनपद मुख्यालय स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना में उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। चिल्हिया थाना प्रभारी राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि सड़क हादसे में गीता देवी की मौत हो गई है जबकि एक युवक घायल है, जिसका इलाज चल रहा है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।