सिद्धार्थनगर। बांसी क्षेत्र के ग्राम बारहवां की एक महिला को अधिक पीड़ा होने पर एंबुलेंस में प्रसव कराना पड़ा। शनिवार की देर रात प्रसूता को समय पर मिली सहायता से मां और नवजात दोनों की जान बचाई गई।
जानकारी के अनुसार, महिला को गंभीर प्रसव पीड़ा होने पर 102 एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल ले जाया जा रहा था। रास्ते में अचानक दर्द बढ़ने पर स्थिति नाजुक हो गई। ऐसे में एंबुलेंस में तैनात मेडिकल स्टाफ विमल कुमार ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए वाहन रुकवाया और सुरक्षित डिलीवरी कराई। कुछ ही देर में महिला ने एक स्वस्थ शिशु को जन्म दिया।
इसके बाद मां और नवजात को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांसी में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों की हालत स्थिर बताई है। परिजनों ने एंबुलेंस स्टाफ और स्वास्थ्य विभाग की तत्परता की सराहना की।