इटवा। तीन दिन लगातार हुई बारिश से इटवा कस्बा सहित अधिकतर गांवों में जलभराव हो गया है। तहसील परिसर इटवा में पानी भर गया है। रविवार सुबह से बारिश बंद होने के बावजूद भी जलभराव की समस्या बनी हुई है।
स्थानीय क्षेत्र में तीन दिनों से तेज हवाओं के चलते आई तेज बारिश के चलते इटवा तहसील परिसर में घुटने तक और परिसर में बनी सीसी रोड पर एक फुट पानी भरा हुआ है। इससे सोमवार को तहसील कार्य से आने-जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा है। वाहन चालकों के लिए तहसील परिसर में आने जाने में कुछ कम लेकिन पैदल वालों के लिए सबसे अधिक परेशानी रही। उन्हें भीगने से बचने के लिए कपड़ों को मोड़ने पड़ रहे थे। यही नहीं तहसील परिसर के पश्चिम बसे मोहल्ले के घरों व पोस्ट ऑफिस के आसपास काफी बड़े हिस्से में पानी भरा हुआ है, जिससे मोहल्ले के लोगों को काफी दिक्कत उठानी पड़ रही है। पानी की अधिकता के चलते पोस्ट ऑफिस जाने वाले लोगों को पैंट निकालकर पानी में घुसकर जाने की मजबूरी है। यही हाल पूर्व माध्यमिक विद्यालय इटवा के परिसर में पानी भरा होने व रईस अहमद इंटर कॉलेज के बच्चों को हाईवे छोड़ने के बाद विद्यालय तक पानी में ही होकर जाना पड़ रहा है।