- लुंबिनी और गंडकी प्रदेश के कई जिलों में बुधवार रात से लगातार हो रही बारिश
- 24 और 25 सितंबर को कपिलवस्तु जिले के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित
खुनुवां। काठमांडो घाटी समेत नेपाल के अधिकांश हिस्सों में बुधवार रात से बारिश हो रही है। लुंबिनी और गंडकी प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार पाल्पा और कपिलवस्तु में अन्य क्षेत्रों की तुलना में अधिक बारिश दर्ज की गई है।
मौसमविदों के अनुसार लुंबिनी प्रदेश के कपिलवस्तु और गुल्मी और गंडकी प्रदेश के तनहूं, कास्की, स्यांगजा, पाल्पा और आसपास के क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है। इससे नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने का क्रम जारी है। हालांकि, बाढ़ पूर्वानुमान महाशाखा ने फिलहाल स्थिति को सामान्य बताया है।
मौसम पूर्वानुमान महाशाखा के मुताबिक कर्णाली प्रदेश के हिमाली क्षेत्रों को छोड़कर नेपाल के लगभग सभी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। बृहस्पतिवार से बारिश की गतिविधि और बढ़ने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर मूसलाधार और बहुत तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
इधर, लगातार बारिश और संभावित जोखिम को देखते हुए कपिलवस्तु जिला प्रशासन ने जिले के सभी विद्यालयों में दो दिन का अवकाश घोषित किया है। प्रशासन के निर्णय के अनुसार 24 और 25 सितंबर को विद्यालय बंद रहेंगे। बानगंगा, महाराजगंज और बुद्धभूमि नगरपालिका समेत जिले के सभी विद्यालय इस आदेश के दायरे में हैं।
प्रशासन ने संबंधित निकायों को आवश्यक सावधानी बरतने और स्थानीय स्तर पर उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। लगातार बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में जलजमाव और नदी-नालों के जलस्तर में और वृद्धि की आशंका बनी हुई है।