इटवा। सीएचसी इटवा में मंगलवार को आयोजित स्वास्थ्य कर्मियों की बैठक में देश व प्रदेश सरकार की चलाई जा रही योजनाओं की समीक्षा की गई। राज्यस्तरीय समीक्षा दल के दौरे के पूर्व सभी कार्यों को शत-प्रतिशत करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान बगैर सूचना के अनुपस्थित रहने वाले कर्मियों को कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संदीप द्विवेदी ने कहा कि कराए गए कार्यों की संबंधित एचएमआईएस, एएनसी, आरसीएच, एनसीडी, यूडीएसपी पोर्टल पर फीडिंग अवश्य कर लिए जाए। शेष छूटे हुए आयुष्मान कार्ड, आभा आईडी बनवाने और डिलीवरी प्वाइंट उपकेंद्र पर जन्मे बच्चों का मंत्रा एप पर फीडिंग कराएं।
साथ ही मातृ और शिशु मृत्यु की सूचना समस्त पोर्टलों पर अवश्य दें। इसी दौरान उन्होंने कहा कि क्षेत्र में होने वाली डिलीवरी संस्थागत में ही हो।
इसके लिए शुरू से ही गर्भवतियों के संपर्क में रहें। इसके बावजूद यदि प्राइवेट अस्पतालों में प्रसव कराए जा रहे हैं तो इनकी सूचना सीएचसी पर अवश्य उपलब्ध कराएं ताकि उचित कार्रवाई की जा सके। बैठक में अनिल यादव बीपीएम, शिव शंकर आदि मौजूद रहे।