- विधानसभा मतदाता सूची का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान
सिद्धार्थनगर। विधानसभा निर्वाचक नामावली में आपका नाम है कि नहीं, यह जानने के लिए 18 जनवरी दिन रविवार को अपने बूथ पर जरूर पहुंचे। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत प्रत्येक बूथ पर बीएलओ द्वारा रविवार सुबह को मतदाता सूची आलेख्य प्रकाशन पढ़कर सुनाया जाएगा। आलेख्य प्रकाशन को सुबह 10:30 बजे से शाम साढ़े चार बजे तक बूथों पर देखा जा सकेगा। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने दी है।
जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने बताया कि इस दिन बीएलओ द्वारा छह जनवरी 2026 को आलेख्य प्रकाशित निर्वाचक नामावली, गणना अवधि के दौरान अप्राप्य श्रेणी में चिह्नित किए गए मतदाताओं की सूची तथा अनुपस्थित, शिफ्टेड, मृतक, डुप्लीकेट सूची की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बताया कि समस्त विधानसभाओं के सभी पोलिंग स्टेशनों पर बूथ लेवल अधिकारियों की निर्धारित समय से पूर्व उपस्थिति प्रत्येक दशा में सुनिश्चित की जाए। साथ ही दावे और आपत्तियों से संबंधित फार्म-6 (घोषणा-पत्र सहित), 6 ए, 7 और 8 (घोषणा-पत्र सहित) की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। जिला निर्वाचन अधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने कहा कि मतदाताओं को जागरूक होकर इस दिन अपने संबंधित बूथ पर पहुंचकर सूची में अपना नाम जरूर देखना चाहिए, ताकि मतदान के समय उन्हें किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।