सिद्धार्थनगर/लोटन। ऑनलाइन उपस्थिति के आदेश के विरोध में ग्राम पंचायत अधिकारी एवं ग्राम विकास अधिकारी समन्वय समिति की ओर से जिले के सभी ब्लॉकों में धरना देकर बीडीओ के माध्यम से मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव को ज्ञापन भेजा गया।
नौगढ़ व लोटन ब्लॉक में धरने दौरान कहा गया कि अभी तक कोई सार्थक पहल न होने के कारण प्रांतीय नेतृत्व के निर्देश के क्रम में सचिव समस्त शासकीय ग्रुप से लेफ्ट हो जाएंगे। जटिल ई-ग्राम स्वराज व गेट वे प्रणाली के विरोध में इसके स्थान पर मोबाईल एप के माध्यम से भुगतान प्रक्रिया निर्मित करने की मांग की गई। साथ ही निर्णय लिया गया समस्त ग्राम पंचायत सचिव 15 दिसंबर 2025 को अपना डोंगल विकास खंड के एडीओ पंचायत के कार्यालय में जमा कर देंगे।
नौगढ़ ब्लॉक में सचिव कलीमुज्जफर, विमलकांत, ज्योति पांडेय,अभिनव ओझा, वसीकुरहमान, आशीष पांडेय, प्रीति गुप्ता व अंबुजा जायसवाल आदि ने कहा कि प्रांतीय नेतृत्व द्वारा निर्णय लिया गया है कि यदि शासन प्रशासन द्वारा उपर्युक्त मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाएगा तो सचिवों के समक्ष दिन प्रतिदिन उत्पन्न हो रही गंभीर परिस्थितियां भविष्य में बड़े आंदोलन, संपूर्ण कार्य बहिष्कार एवं अनवरत धरना प्रदर्शन में परिवर्तित हो सकती है। वहीं लोटन ब्लॉक में धरने में सचिव दिलीप पटेल, देवेंद्र मणि त्रिपाठी, प्रियंका गोस्वामी, मनोज कुमार, ईश्वर देव, रविंद्र कुमार जाटव, विजय पाल आदि उपस्थित रहे।