भवानीगंज। एआईएमआईएम प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली चौधरी के विवादित बयान से नाराज विभिन्न संगठनों ने शुक्रवार को कड़ी नाराजगी व्यक्त कर कार्रवाई की मांग की। ब्लाॅक प्रमुख संघ के जिलाध्यक्ष लवकुश ओझा ने एसओ डुमरियागंज को तहरीर दी।
वहीं, चेयरमैन धर्मराज वर्मा के नेतृत्व में लोगों ने भवानीगंज पुलिस को तहरीर सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की। कर्म योगी परिवार के तत्वाधान में तहसील परिसर डुमरियागंज पहुंचे लोगों ने एआईएमआईएम नेता के बयान को लेकर विरोध प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने उपजिलाधिकारी राजेश कुमार को ज्ञापन सौंपकर भवानीगंज पुलिस द्वारा शांतिभंग में चालान किए गए व्यक्ति की जमानत नामंजूर किए जाने की मांग की।
बृहस्पतिवार को जबजौवा, भुईगांवा व चकमझारी में आयोजित जनसभा के दौरान एआईएमआईएम नेता द्वारा कथित तौर पर हिंदू समाज के विरुद्ध आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया।