सिद्धार्थनगर। समग्र शिक्षा अभियान के तहत प्रदेश के चयनित उच्च प्राथमिक विद्यालयों को अब स्कूल बैंड और बैंड यूनिफॉर्म उपलब्ध कराए जाएंगे। इस क्रम में जिले के 24 विद्यालयों में स्कूल बैंड के अलावा 19 छात्र-छात्राओं को यूनिफाॅर्म देने की तैयारी है। इसके लिए प्रत्येक विद्यालय में 68 हजार रुपया खर्च किए जाएंगे।
प्रोजेक्ट अप्रूवल बोर्ड द्वारा वार्षिक कार्ययोजना और बजट 2025-26 में मंजूरी मिलने के बाद यह व्यवस्था लागू की गई है। योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना तथा खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रति रुचि को बढ़ावा देना है। जिले के 24 उच्च प्राथमिक विद्यालयों में दो सेट स्कूल बैंड और 19-19 छात्र-छात्राओं के लिए 2-2 सेट बैंड यूनिफॉर्म उपलब्ध कराई जाएगी। कुल 456 विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। इसमें एसएमसी अध्यक्ष प्रधानाध्यापक को, दो अभिभावक सदस्य और एक वरिष्ठ शिक्षक की समिति तय की गई है।
विद्यालयों में उपलब्ध बैंड का उपयोग प्रार्थना सभा, राष्ट्रीय पर्व, मार्च पास्ट, प्रभात फेरी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद गतिविधियों और स्काउट-गाइड में किया जाएगा। वाद्य यंत्रों के सुरक्षित रख-रखाव, नियमित निरीक्षण और आवश्यक मरम्मत के निर्देश भी दिए गए हैं। बैंड यूनिट के लिए विद्यार्थियों का चयन अभिरुचि, पूर्व अनुभव, शारीरिक दक्षता और समान भागीदारी के आधार पर किया जाएगा।
चयनित विद्यार्थियों को ब्लॉक स्तर पर एक दिवसीय प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। वित्तीय प्रावधान के अनुसार, प्रति विद्यालय को 30 हजार की दर से बैंड के लिए कुल सात लाख 20 हजार तथा प्रति विद्यार्थी दो हजार की दर से यूनिफॉर्म के लिए नौ लाख 12 हजार दिए जाएंगे।