सिद्धार्थनगर। यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 को अधिक पारदर्शी और नकल मुक्त बनाने के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद ने उत्तर पुस्तिकाओं के लेआउट में बड़ा बदलाव किया है।
अब तक परीक्षार्थियों को चौड़ाई (आड़े) स्वरूप में दी जाने वाली उत्तर पुस्तिकाएं इस बार लंबाई (सीधे) स्वरूप में उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा हर उत्तर पुस्तिका के प्रत्येक पन्ने पर कलर कोडिंग के साथ माध्यमिक शिक्षा परिषद का मोनोग्राम अंकित होगा, जिससे डुप्लीकेसी यानी नकली कॉपी बनाने की कोई गुंजाइश नहीं रहेगी।
विभाग का मानना है कि इस बदलाव से परीक्षार्थियों के बीच कॉपियों की अदला-बदली और नकल की संभावनाएं काफी हद तक कम हो जाएंगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि यूपी बोर्ड की कॉपियों का चौड़ाई वाला फॉर्मेट लंबे समय से चला आ रहा था, लेकिन वर्ष 2026 से इसे पूरी तरह बदल दिया गया है। नए लेआउट में परीक्षार्थियों को लिखने के लिए अधिक स्थान मिलेगा, जिससे उत्तर अधिक साफ, व्यवस्थित और स्पष्ट दिखाई देंगे। कॉपियों की पहचान हर स्तर पर सुनिश्चित होगी और किसी भी तरह की गड़बड़ी तुरंत पकड़ में आ जाएगी। साथ ही पास बैठे परीक्षार्थियों के बीच कॉपी बदलने की आशंका भी लगभग समाप्त हो जाएगी। ो