गोल्हौरा। क्षेत्र के एक गांव में अविवाहित युवती ने बच्ची को जन्म दिया। तबीयत बिगड़ने पर इलाज के दौरान शनिवार की रात उसकी मौत हो गई।
युवती के यौन शोषण के आरोप में क्षेत्र के पिपरा गांव के रहने वाले पंकज नाम के युवक को जून में ही जेल भेजा जा चुका है। पुलिस ने नवजात के शव का पोस्टमार्टम कराया है, डीएनए जांच भी कराई जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती की करीब दो साल से पिपरा गांव निवासी पंकज कुमार से नजदीकियां थीं। आरोप है कि पहले से शादीशुदा पंकज युवती को शादी का झांसा देकर यौन शोषण करता रहा। बीते जून माह में परिवार के लोगों को पता चला कि युवती चार माह की गर्भवती है।
युवती से पूछताछ में पंकज से नजदीकी की जानकारी पर परिवार के लोग शादी का प्रस्ताव लेकर पंकज के घर गए तो उसने रिश्ता करने से इन्कार कर दिया।
इसके बाद मामला पुलिस के पास पहुंचा। यौन शोषण के आरोप में 10 जून को केस दर्ज कर पुलिस ने पंकज को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया था। पीड़िता ने नौ अक्तूबर को एक बच्ची को जन्म दिया।
नवजात की तबीयत बिगड़ने पर उसे माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। शनिवार की रात उसकी मौत हो गई। गोल्हौरा थाने के प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि नवजात के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। डीएनए जांच के लिए भी नमूना लिया गया है।