शोहरतगढ़। थाना क्षेत्र के चेतिया मार्ग पर नकथर गांव के पास सोमवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोग उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शोहरतगढ़ ले गए, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के डोहरिया बुजुर्ग निवासी इंद्रजीत (30) पुत्र हरिराम और मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के गौरडीह धोबहा निवासी लालचंद (22) पुत्र परशुराम के रूप में हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, लालचंद सोमवार शाम बाइक से शोहरतगढ़ में अपने परिवार के कुछ लोगों को छोड़कर चेतिया मार्ग से घर लौट रहा था। वह नकथर गांव से आगे पहुंचा था, तभी चेतिया की तरफ से आ रही दूसरी बाइक से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर सवार इंद्रजीत जोगीबारी स्थित अपनी ससुराल से डोहरिया बुजुर्ग स्थित घर जा रहा था।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को आनन-फानन में सीएचसी शोहरतगढ़ पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। अपनों को खोने के गम में परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मृतकों की पत्नियां बार-बार बेसुध हो जा रही थीं। अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई। वहां मौजूद लोग भी इस हृदयविदारक दृश्य को देखकर भावुक हो उठे।
इस संबंध में शोहरतगढ़ थानाध्यक्ष शेषमणि पांडेय ने बताया कि दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।