नेपाली पुलिस द्वारा पकड़ा गया मादक पदार्थ। स्रोत विज्ञप्ति
- सर्लाही में वाहन चेकिंग के दौरान कार की डिक्की से मिले 23 पैकेट, दोनों आरोपी बिहार के सीतामढ़ी के निवासी
बढ़नी। नेपाल के सर्लाही जिले में पुलिस ने 109 किलोग्राम गांजे के साथ बिहार के दीपक महतो और अमर कुमार को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई सोमवार सुबह पूर्व-पश्चिम राजमार्ग पर वाहन चेकिंग के दौरान की गई। बरामद गांजा कार की डिक्की में छिपाकर रखा गया था।
जिला पुलिस कार्यालय सर्लाही के प्रवक्ता डीएसपी वेदप्रसाद गौतम ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे इलाका पुलिस कार्यालय नवलपुर और जिला ट्रैफिक पुलिस कार्यालय नवलपुर की संयुक्त टीम लालबंदी नगरपालिका-1 स्थित पूर्व-पश्चिम राजमार्ग पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बागमती से जनकपुर की ओर जा रही भारतीय नंबर प्लेट की एक कार को रोककर तलाशी ली गई। कार की डिक्की से 23 पैकेटों में छिपाकर रखा करीब 109 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से कार चालक दीपक कुमार महतो (26) और उसके साथी अमन कुमार (25) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों बिहार के सीतामढ़ी जिले के समुद्र थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। नेपाल पुलिस ने गांजा और कार को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ संबंधी कानून के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।