बढ़नी कस्बे के वार्ड नंबर नौ में नवजात की मौत के बाद घर पर मौजूद लोग। संवाद
- ढेबरुआ थाना क्षेत्र के बढ़नी कस्बे का मामला, परिवार ने की कार्रवाई की मांग
ढेबरुआ/बढ़नी (सिद्धार्थनगर)। बढ़नी कस्बे के वार्ड नंबर नौ में मंगलवार देर रात नवजात की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिवार ने डीजे की तेज आवाज से मौत की आशंका जताते हुए तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद जरूरी कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि ढेबरुआ थाना क्षेत्र के बढ़नी कस्बे के वार्ड नंबर नौ स्थित रामजानकी मंदिर मोहल्ला निवासी जावेद मनिहार की पत्नी ने 18 अक्तूबर को बेटे को जन्म दिया था। 20 अक्तूबर की रात करीब 11:30 बजे संदिग्ध हालात में नवजात की मौत हो गई। परिजन का आरोप है कि जब बच्चे की मौत हुई, उस समय घर के बाहर दो डीजे के बीच तेज आवाज में बजाने की प्रतिस्पर्धा हो रही थी। इससे घर में कंपन भी महसूस हो रहा था। जावेद के पिता सई मोहम्मद के मुताबिक, मासूम को उसकी मां दूध पिला रही थी। इसी दौरान तेज आवाज सुनकर बच्चा चीखा और शांत हो गया। इसके बाद उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। परिवार ने डीजे की तेज आवाज के कारण मासूम की मौत की आशंका जताई है। पुलिस का कहना है कि बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण पता चलेगा। उसके बाद जरूरी कार्रवाई की जाएगी।
रात में परिजन से मिलने पहुंचे सीओ
घटना की जानकारी मिलने पर सीओ शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी मंगलवार रात करीब 2:15 बजे पुलिस बल के साथ पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजन से जानकारी ली और मामले में नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में जरूरी कार्रवाई की जाएगी।