समारोह में शिक्षा, धार्मिक संस्कार और आपसी भाईचारे का दिया संदेश
बढ़नी। मदरसा जामिया अहले सुन्नत इस्तुल इस्लाम बढ़नी में रविवार रात दस्तारबंदी समारोह का आयोजन किया गया। इसमें मौलवी, मुंशी, आलिम, कामिल और फाजिल की उपाधि प्राप्त करने वाले 96 छात्रों की दस्तारबंदी की गई।
पीरे तरीकत सैयद मौलाना अब्दुर्रब उर्फ चांद बाबू ने कहा कि इस्लाम इंसानियत, मोहब्बत और भाईचारे का पैगाम देता है। गरीबों और जरूरतमंदों की मदद करना हर इंसान का फर्ज है। पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने सादगी से जीवन जीने और जरूरतमंदों के प्रति प्रेम रखने की सीख दी।
जलसे में बिलहरी शरीफ से आए कारी निसार अहमद, सद्दाम राही, मौलाना अरमान और मौलाना अजमत सहित अन्य वक्ताओं ने भी तकरीर पेश की। उन्होंने शिक्षा, धार्मिक संस्कार और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने पर जोर दिया।
इस दौरान सपा नेता उग्रसेन सिंह, जमील सिद्दीकी, मदरसे की प्रबंध समिति के मैनेजर अब्दुल कयूम, सेक्रेटरी निजाम अहमद, नायब सेक्रेटरी मोहम्मद इब्राहिम सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।