डुमरियागंज तहसील के ग्राम पंचायत कठौतिया राम में विद्युत ट्रांसफार्मर ना बदले जाने को लेकर प्रद
भनवापुर। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत कठौतिया राम में मंगलवार को ग्रामीणों ने जर्जर बिजली व्यवस्था के विरोध में ट्रांसफाॅर्मर के सामने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने 25 के स्थान पर 63 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर लगाए जाने की मांग करते हुए बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में करीब 55 बिजली कनेक्शन हैं जबकि आपूर्ति के लिए केवल 25 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर लगा है। अधिक भार के कारण ट्रांसफाॅर्मर आए दिन खराब हो जाता है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस वर्ष बिजली विभाग की ब्याजमुक्त एकमुश्त समाधान योजना के दौरान करीब 90 प्रतिशत उपभोक्ताओं ने बिजली बिल का भुगतान कर दिया था। इसके बावजूद विभाग उनकी समस्या का समाधान नहीं कर रहा है। पिछले छह माह से लगातार 63 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर लगाने की मांग की जा रही है।
आरोप है कि करीब 10 दिन पहले विभागीय अधिकारियों ने कहा था कि बिना एस्टीमेट और धनराशि जमा किए ट्रांसफाॅर्मर नहीं बदला जा सकता। ग्रामीणों ने आवश्यक धनराशि जमा करने की सहमति भी दे दी लेकिन बाद में विभाग ने पैसा जमा कराने से भी इन्कार कर दिया। 10 दिन के भीतर नया ट्रांसफार्मर लगाने का आश्वासन दिया।