- एसएसबी की 43वीं, 50वीं और 66वीं वाहिनी के अधिकारी, प्रगणक और पर्यवेक्षक हुए शामिल
- जनसंख्या गणना के दौरान पूछे जाने वाले 40 सवालों की दी गई जानकारी
सिद्धार्थनगर। जनगणना के द्वितीय चरण की तैयारियों के तहत बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष चार्ज अधिकारियों, प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में आयोजित प्रशिक्षण में एसएसबी की 43वीं, 50वीं और 66वीं वाहिनी के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए।
प्रशिक्षण के दौरान जिला जनगणना प्रभारी नागेंद्र यादव और सहायक अध्यापक एवं मास्टर ट्रेनर संतोष मिश्रा ने जनसंख्या गणना के दौरान पूछे जाने वाले 40 प्रश्नों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों और कर्मचारियों को जनगणना की प्रक्रिया, निर्धारित दिशा-निर्देशों और प्रश्नों के सही तरीके से जवाब दर्ज करने के बारे में बताया गया।
जिलाधिकारी ने सभी विशेष चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण पूरा होने के बाद अपनी-अपनी यूनिट के सभी कर्मियों की जनगणना निर्धारित समय में शत-प्रतिशत पूरी कराएं। इसके लिए एक से चार जनवरी 2027 तक की समय सीमा बताई गई। उन्होंने सभी अधिकारियों को जनपद अनुदेश पुस्तिका का अच्छी तरह अध्ययन करने और जनगणना से संबंधित निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना सहायक गया प्रसाद मिश्र, जनगणना सेल के बृजेश यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।