- प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री को भेजा धन्यवाद ज्ञापन, अस्थायी राहत का भी हो जिक्र
डुमरियागंज। यूपीआई भुगतान पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) चार्ज लगाने का निर्णय स्थगित किए जाने पर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल (पंजीकृत), उत्तर प्रदेश इकाई ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति आभार जताया है। व्यापार मंडल ने इस फैसले को व्यापारियों की मांग से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया है।
जिलाध्यक्ष सुगंध अग्रहरि की ओर से भेजे गए धन्यवाद ज्ञापन में कहा गया है कि सरकार की ओर से 15 अक्तूबर से यूपीआई भुगतान पर एमडीआर चार्ज लगाने का निर्णय लिया गया था। हालांकि, नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) की ओर से इस निर्णय को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। इससे व्यापारियों को कुछ समय के लिए राहत मिली है।
कहा कि प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री ने उद्योग जगत तथा व्यापारियों की मांग को ध्यान में रखते हुए एमडीआर चार्ज लागू करने के फैसले को फिलहाल टाल दिया है। इसके लिए व्यापार मंडल ने उनका आभार जताया है। हालांकि, यह स्थगन स्थायी नहीं है। निर्धारित अवधि के बाद एमडीआर चार्ज को लेकर आगे क्या निर्णय होगा, यह महत्वपूर्ण रहेगा।
इस दौरान अशोक गुप्ता, अजय कसौधन, रामप्रकाश, संजय पांडेय, जिम्मी भारिया, सलीम, प्रदीप, हर्षवर्धन और शंभू द्विवेदी सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।