- बारिश होते ही दोगुने से अधिक हुए हरी सब्जियों के दाम
शाहपुर। बारिश ने जहां राहत पहुंचाई, वहीं सब्जी के बाजार में महंगाई का असर भी नजर आने लगा है। टमाटर, हरी मिर्च और शिमला मिर्च पर सबसे ज्यादा असर पड़ा है, जो अब आम आदमी की रसोई से दूर होते दिख रहे हैं। इससे हर घर की थाली का स्वाद बिगड़ गया है।
पहले 20 से 25 रुपये किलो बिकने वाला टमाटर अब 50 से 60 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गया है। नवीन मंडी सहियापुर में लोकल किसानों के टमाटर की आवक बंद होते ही बाहर से आने वाले टमाटरों के दाम सातवें आसमान पर पहुंच गए हैं। व्यापारियों ने कहा बंगलूरू और नासिक के मंडियों से टमाटर मंगाया जा रहा है, जिससे दाम में और तेजी आई है। हरी मिर्च की हालत तो और भी खराब है। 40 से 50 रुपये प्रति किलो मिलने वाली हरी मिर्च अब 80 से 100 रुपये किलो बिक रही है।
-
बाढ़ और वर्षा से सब्जी की फसल बर्बाद
शाहपुर। हरी सब्जियों में भिंडी, बैंगन, तोरई, गोभी बोड़ा और परवल के दाम भी दोगुने से अधिक हो गए हैं। कृषि उत्पादन मंडी समिति सहियापुर के आढ़ती विनोद कुमार यादव ने कहा बाढ़ और बारिश के चलते खेतों में पानी भर गया है, जिससे स्थानीय फसलों की कटाई और आपूर्ति पर असर पड़ा है। आने वाले दिनों में यदि मौसम साफ नहीं हुआ तो सब्जियों की कीमतें और चढ़ सकती है। डुमरियागंज नगर के इंद्रा नगर निवासी जय प्रकाश सिंह ने कहा फुटकर दुकानों पर हरी सब्जियां बारिश के बाद अचानक दोगुने महंगा हो गया है। टमाटर के साथ-साथ अन्य हरी सब्जियां खरीदना भी मुश्किल हो रहा है। हरी मिर्च और शिमला मिर्च सबसे अधिक महंगी मिल रही है। डुमरियागंज नगर के गांधी नगर निवासी अवधेश नारायणन ने कहा बारिश के पहले शिमला मिर्च 40 से 50 रुपये प्रति किलो बिक रहा था, लेकिन बारिश के बाद 100 से 120 रुपये प्रति किलो तक बेचा जा रहा है। एक किलो शिमला मिर्च खरीदना था। महंगाई के चलते एक पाव खरीद कर घर ले जा रहे हैं। फुटकर सब्जी विक्रेता मुस्तफा ने कहा बारिश के बाद हरी सब्जियों के आसमान छूने लगी है। महंगी होने के चलते ग्राहकों को किलो की जगह पाव का रेट बताते हैं, जिससे बगैर संकोच ग्राहक इसे खरीद सकें।
-
फुटकर के आढ़ती के अनुसार बारिश से पहले और बाद में सब्जी के दामों पर एक नजर
सब्जी बारिश से पहले दाम वर्षा के बाद (फुटकर)
टमाटर 20 से 25 50 से 60
शिमला मिर्च 40 से 50 100 से 120
गोभी 30 से 40 90 से 100
परवल 40 से 45 90 से 100
हरी मिर्च 35 से 40 80 से 100
भिंडी 10 से 12 30 से 40
तरोई 15 से 20 50 से 60
कुदरु 10 से 15 40 से 50
बैगन 10 से 15 50 से 60
लौकी 10 से 15 50 से 60
कद्दू 05 से 06 20 से 30
सूरन 30 से 40 70 से 80
नेनुआ 20 से 30 40 से 50