सिद्धार्थनगर। छठ महापर्व को लेकर घाट तैयार हो गए हैं। घाटों को सजाया गया है। रंग-बिरंगी लाइट और पोस्टर के साथ मंच बन गया है। टेंट लग गए हैं। इसके साथ ही नदियों में बैरिकेडिंग कर दी गई है। साथ ही कार्यक्रम के लिए स्टेज तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा हर प्रकार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए मुख्य प्वाइंट को सीसी कैमरे से लैस किया गया है।
वहीं, कोई हादसे से बचाने के लिए नदी में रस्सी लगा दी गई है। वहीं, बाजार में आखिरी चरण में पूजा से जुड़े फल, सूप आदि की बिक्री जारी रही। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस कर्मियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। हर छठ घाट पर तैयारी पूरी कर ली गई है।
दुल्हन की तरह से सजा शहर का छठ घाट: जमुआर छठ घाट पर टेंट के साथ भजन गायक के लिए स्टेज तैयार हो गया है। वहीं, नदी में एक और पुल बनाने के लिए साथ ही घाट की सफाई करके अंदर मैट बिछा दिया गया है। इसके साथ ही आठ प्वाइंट पर कैमरा लगा हुआ है। इसके अलावा दोनों तरफ घाट पर बिजली का प्रबंध और एलईडी लाइटें लगाई गईं हैं।
सबसे आकर्षक घाट पर भगवान शिव सहित कई देवी-देवताओं का चित्र दीवार पर उकेरा गया है, जो लाइट जलने के बाद बहुत ही सुंदर लग रहा है। पूरे घाट को रोशनी से लैस किया गया है। नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद माधव टीम के साथ तैयारी में जुटे रहे। उन्होंने बताया कि भजन कार्यक्रम भी होगा।
सजा घाट, कई प्रकार की लाइट लगी: शोहरतगढ़। छठ की आस्था के समुंदर में सोमवार को घाट पर श्रद्धालु डुबकी लगाएंगे। सूर्य की उपासना का महापर्व छठ पर वर्ती महिलाएं विभिन्न प्रकार के खाद्य पदार्थ, गन्ना नारियल, केला, सेब, पपिता, अनार आदि दऊरा में रखकर घर से नंगे पांव शिव बाबा छठ घाट पर पहुंच कर वेदी की पूजा-अर्चना कर सोमवार अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगी। मंगलवार को भोर में उदयाचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रत का पारण करेंगी।