- स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर छात्र-छात्राओं, चिकित्सकों और कर्मचारियों ने लिया हिस्सा
- ‘हर घर तिरंगा’ का संदेश देकर राष्ट्रप्रेम और एकता का दिया संदेश
सिद्धार्थनगर। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को चिकित्सा महाविद्यालय परिसर में तिरंगा यात्रा निकाली गई। छात्र-छात्राओं, चिकित्सकों और महाविद्यालय के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक यात्रा में हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारे लगाए, जिससे पूरा परिसर राष्ट्रप्रेम की भावना से गूंज उठा।
तिरंगा यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का संदेश दिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व देश की एकता, अखंडता और स्वतंत्रता के लिए किए गए संघर्ष की याद दिलाता है। सभी को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के साथ स्वतंत्रता दिवस को उत्साहपूर्वक मनाने का संकल्प लेना चाहिए।
यात्रा में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ चिकित्सक और अन्य कार्मिक शामिल रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों और कर्मचारियों में राष्ट्रप्रेम, एकता और अखंडता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।